Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर दोस्ती करना, फिर भारत आने और मुंबई एयरपोर्ट पर पैसे खत्म होने का बहाना बनाकर लोगों से रुपये ऐंठने वाले साइबर ठगों के गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाइजीरियाई नागरिकों को दिल्ली के जवाहर पार्क इलाके से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मानेसर साइबर थाना में 29 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे फेसबुक पर Kathlin नाम की महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों व्हाट्सएप पर चैट करने लगे। महिला ने खुद को यूनाइटेड किंगडम (UK) की रहने वाली बताया और भारत आने की बात कही।
कुछ दिन बाद शिकायतकर्ता के पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताया और कहा कि विदेशी महिला एयरपोर्ट पर फंस गई है। उसके पास पैसे नहीं हैं और कस्टम वेरिफिकेशन के लिए तुरंत रकम जमा करनी होगी। इस झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 63,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे एहसास हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है।
जांच के दौरान गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली के जवाहर पार्क से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान Kelvin Ogbu (35) और Kingsley Emeka Ojobo (35) के रूप में हुई है। दोनों नाइजीरिया के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। इन्होंने Kathlin नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई और विदेशी महिला बनकर लोगों को जाल में फंसाया। इसके बाद एयरपोर्ट और कस्टम वेरिफिकेशन का बहाना बनाकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे मंगवाए।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि Kelvin Ogbu के खिलाफ दिल्ली में Foreigners Act के तहत पहले भी एक मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।




