Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
Somnath Jyotirling Yatra 2026: 6 जून तक करें आवेदन, हरियाणा सरकार कराएगी फ्री यात्रा
गुरुग्राम। हरियाणा सरकार वरिष्ठ नागरिकों को श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के निशुल्क दर्शन कराने जा रही है। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत शुरू की गई इस विशेष यात्रा के लिए इच्छुक श्रद्धालु 6 जून 2026 तक सरल पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। सीटों का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 जून को कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और दिल्ली सहित कई स्टेशनों से होते हुए गुजरात स्थित श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पहुंचेगी। गुरुग्राम जिले के श्रद्धालु अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि यात्रा का लाभ लेने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत सरल पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। आवेदन के दौरान श्रद्धालुओं को अपना मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी अपलोड करना होगा, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचा जा सके।
सरकार की ओर से तीर्थ यात्रियों के ठहरने, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का इंतजाम श्रद्धालुओं को स्वयं करना होगा।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी: यात्रा के लिए आवेदन करते समय आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य वैध फोटो आईडी, परिवार पहचान पत्र (PPP), स्वयं घोषणा पत्र और पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने का प्रमाण देना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन: योजना का लाभ केवल हरियाणा के निवासियों को मिलेगा जिनके पास परिवार पहचान पत्र है। 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिक अपने जीवनसाथी को निशुल्क साथ ले जा सकते हैं। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालु जरूरत पड़ने पर एक सहायक को भुगतान के आधार पर साथ ले जा सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना रजिस्ट्रेशन और अनुमति के किसी भी व्यक्ति को विशेष ट्रेन में यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही रजिस्ट्रेशन कराने के बाद यात्रा पर नहीं जाने वाले श्रद्धालु अगले तीन वर्षों तक इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे।
जिला प्रशासन ने पात्र श्रद्धालुओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि वे इस धार्मिक यात्रा का लाभ उठा सकें।




