Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नगर निगम की जमीन पर बनी अवैध प्लास्टिक फैक्ट्री पर चला बुलडोजर, 1.5 करोड़ का निर्माण ध्वस्त
गुरुग्राम, 12 अगस्त 2026। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा मानेसर ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सेक्टर-09 में नगर निगम की जमीन पर बनी अवैध प्लास्टिक फैक्ट्री को ध्वस्त करा दिया। पुलिस के मुताबिक करीब 200 वर्ग गज जमीन पर बने इस अवैध निर्माण की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री विनय बाजवा निवासी प्रताप नगर, गुरुग्राम द्वारा संचालित की जा रही थी। यहां पॉलिथीन बेचने का कारोबार किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि आरोपी पहले भी अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराता रहा है।
200 वर्ग गज नगर निगम की जमीन पर बना था निर्माण: अपराध शाखा मानेसर की टीम ने सेक्टर-09 में नगर निगम की करीब 200 वर्ग गज जमीन पर बने इस निर्माण को चिन्हित किया था। पुलिस के मुताबिक सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर फैक्ट्री का निर्माण किया गया था और इसका इस्तेमाल निजी आर्थिक लाभ के साथ-साथ अवैध गतिविधियों से जुड़े कारोबार के लिए किया जा रहा था।
पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई: बुधवार को नगर निगम के SDO पवन कुमार और अपराध शाखा मानेसर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नगर निगम की जमीन पर बने अवैध निर्माण को नियमानुसार ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे मौके पर कानून व्यवस्था बनी रही।
पुलिस का कहना है कि अवैध कब्जे और अपराध से जुड़े कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने साफ किया है कि आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने या उन्हें आर्थिक मदद देने वालों की संपत्तियों और अवैध निर्माण को भी चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




