Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में ऑनलाइन गेमिंग और साइबर धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन गेमिंग और साइबर धोखाधड़ी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, 11 बैंक खातों की चेकबुक और पासबुक, 7 पेमेंट बॉक्स तथा एक वाई-फाई राउटर बरामद किया है।

साइबर अपराध शाखा के एसीपी गौरव फौगाट के नेतृत्व में साइबर थाना दक्षिण की टीम ने सेक्टर-37डी स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी के एक फ्लैट पर छापेमारी की। यहां से चार युवकों को ऑनलाइन गेमिंग पैनल और वित्तीय लेनदेन संचालित करते हुए पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य (चरखी दादरी), कपिल (महेन्द्रगढ़), सन्नी चाहर (आगरा) और सूरज राजपूत (मथुरा) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ साइबर थाना दक्षिण में बीएनएस और हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ गैंबलिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी “ReddyAnna888” नाम के ऑनलाइन गेमिंग पैनल से जुड़े हुए थे। ये लोग गेम खेलने वाले ग्राहकों से QR कोड के जरिए पैसे लेते थे और बदले में उनकी गेमिंग आईडी में कॉइन या पॉइंट जोड़ते थे। इस काम के बदले इन्हें करीब 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस के अनुसार बैंक खातों की किट, सिम कार्ड और QR कोड इन्हें एक अन्य व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराए जाते थे। इन्हीं साधनों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और कथित साइबर धोखाधड़ी के लिए किया जाता था।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इनके अन्य साथियों के साथ-साथ वित्तीय लेनदेन की जांच भी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




