Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 13 जून 2026: गुरुग्राम के फरुखनगर इलाके में पति द्वारा पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी पर शक होने के चलते आरोपी ने उस पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि एक महिला को मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना मिलते ही फरुखनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतका की पहचान पूजा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसके पति नायब सिंह (40 वर्ष) ने कथित तौर पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या की।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने श्याम कॉलोनी, फरुखनगर बाईपास स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीमों को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।




