Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था पर सख्ती, बिलों की मंजूरी के अधिकार बदले
निगमायुक्त प्रदीप दहिया का आदेश, अब अतिरिक्त निगमायुक्त करेंगे स्वच्छता और इंजीनियरिंग कार्यों से जुड़े बिलों को मंजूरी देने का काम
गुरुग्राम, 21 अक्टूबर। गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्वच्छता और इंजीनियरिंग कार्यों से जुड़े बिलों की मंजूरी के अधिकार संबंधित अतिरिक्त निगमायुक्तों को सौंप दिए हैं। बुधवार को जारी आदेश के मुताबिक, अब जोन के संयुक्त आयुक्त इन कार्यों से जुड़े प्रस्ताव, बिल और जरूरी दस्तावेज संबंधित अतिरिक्त निगमायुक्त के पास मंजूरी के लिए भेजेंगे।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य स्वच्छता और इंजीनियरिंग कार्यों से जुड़ी वित्तीय मंजूरी की प्रक्रिया को तय व्यवस्था के तहत चलाना है। संयुक्त आयुक्तों की निगरानी की जिम्मेदारी रहेगी बरकरार
नए आदेश के बाद जोन के संयुक्त आयुक्त स्वच्छता और इंजीनियरिंग कार्यों से जुड़े बिलों को मंजूरी नहीं देंगे। हालांकि, अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, कराधान, अतिक्रमण और प्रवर्तन सहित अन्य जिम्मेदारियों की निगरानी पहले की तरह करते रहेंगे।
यानी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की निगरानी और कामकाज पर नजर रखने की जिम्मेदारी संयुक्त आयुक्तों के पास रहेगी, जबकि संबंधित वित्तीय मंजूरी अब निर्धारित अतिरिक्त निगमायुक्त देंगे।
20 अक्टूबर तक के लंबित बिलों पर भी लागू होगा आदेश: निगमायुक्त ने मुख्य लेखा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि बिलों की प्रक्रिया नए नियमों के अनुसार पूरी की जाए। 20 अक्टूबर तक संयुक्त आयुक्तों से मिले ऐसे बिल, जिनका भुगतान अभी बाकी है, उन्हें भी भुगतान से पहले संबंधित अतिरिक्त निगमायुक्त के पास मंजूरी के लिए भेजना होगा।
इसका मतलब है कि पहले से लंबित बिलों पर भी नई व्यवस्था लागू होगी। भुगतान जारी करने से पहले जरूरी दस्तावेजों और सक्षम अधिकारी की मंजूरी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सफाई में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: निगमायुक्त ~~> निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिले। उन्होंने साफ किया कि सफाई के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। दहिया ने यह भी कहा कि यदि किसी संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव को लिखित रूप में भेजा जाएगा। ऐसे मामले में संबंधित अधिकारी को चार्जशीट भी किया जा सकता है।




