Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के द्वारका के डाबरी थाना इलाके के विजय एन्क्लेव में शुक्रवार रात एक हलवाई और टेंट हाउस मालिक के दोनों हाथ ग्राइंडर से काटने की कोशिश की गई। इस दौरान उसके दोनों हाथों पर ग्राइंडर चलाया गया, लेकिन गनीमत रही कि पूरी तरह हाथ नहीं काट पाए। पीड़ित की पहचान विजय एनक्लेव के लोकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अजय पाल उर्फ बिल्ला भी इसी इलाके का रहने वाला है। हलवाई का एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार, लोकेश गुप्ता हलवाई का काम करता है और टेंट का सामान भी किराये पर देता है। आरोपी अजय पाल उर्फ बिल्ला की बेटी की 20 अप्रैल को शादी थी। उसने अपनी बेटी की शादी के लिए लोकेश से टेंट लगवाया था। दोनों के बीच में 2.5 लाख रुपये में टैंट लगाने की बात हुई थी। इसमें से करीब 2 लाख रुपये बकाया थे, जबकि 50 हजार रुपये उसे दे दिए गए थे।
शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे जब लोकेश बकाया पैसे लेने के लिए अजय के पास गया तो अजय पाल और उसके 2-3 साथियों ने उसे पकड़ लिया और उसके दोनों हाथ ग्राइंडर से काटने की कोशिश कर दी। उसके दोनों हाथों से खून बहने लगा। घायल को पहले पास के मेडिकल स्टोर पर ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया।
दो नाबालिग भी पकड़े
मेडिकल जांच में पता चला कि चोटें तेज धार वाले हथियार से लगी हैं। पुलिस ने मौके से सुबूत जुटाए और पीड़ित का बयान दर्ज किया। इस मामले में डाबरी थाने में केस दर्ज कर आरोपी अजय पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो अन्य आरोपी नाबालिग हैं, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




