Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में ₹1.11 लाख के चालान, पुलिस ने बाइक की इंपाउंड
गुरुग्राम, 16 अक्टूबर। गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी एक बाइक चालक को भारी पड़ गई। वाहन जांच के दौरान पुलिस को बाइक पर कुल 25 चालान लंबित मिले, जिनकी जुर्माना राशि 1 लाख 11 हजार 500 रुपये थी। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने बाइक को इंपाउंड कर दिया।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को साउथ सिटी-2 के जोनल अधिकारी एएसआई राकेश अपनी टीम के साथ वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर उसके दस्तावेज जांचे गए। चालक जरूरी वाहन दस्तावेज नहीं दिखा सका। जब बाइक के रिकॉर्ड की जांच की गई, तो उस पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत 25 चालान लंबित मिले।
बिना इंश्योरेंस और PUC के भी मिले चालान: पुलिस जांच में सामने आया कि बाइक पर बिना इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) से जुड़े उल्लंघनों के चालान भी शामिल थे। सभी लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि 1,11,500 रुपये थी।
लंबित चालानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों से अपील: गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन का वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे रखें। साथ ही, लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क पर खुद के साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।




