47 चालान के बाद बाइक इंपाउंड, ₹1.20 लाख का जुर्माना बकाया
गुरुग्राम: 27 नवंबर। गुरुग्राम में यातायात नियमों की अनदेखी करना एक बाइक चालक को भारी पड़ गया। वजीराबाद चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने 47 लंबित चालान वाली एक मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर लिया। बाइक पर कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना बकाया था। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल के खिलाफ लंबे समय से यातायात नियमों के उल्लंघन के चालान लंबित थे।

जानकारी के अनुसार, वजीराबाद चौक पर तैनात जोनल अधिकारी (ZO) एएसआई युधवीर अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान टीम की नजर एक ऐसी मोटरसाइकिल पर पड़ी, जिसके खिलाफ कुल 47 चालान दर्ज थे। इन सभी चालानों की जुर्माना राशि मिलाकर 1.20 लाख रुपये हो चुकी थी।
बिना हेलमेट और बीमा के चलाने पर भी कटे चालान: पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल के खिलाफ सबसे ज्यादा चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने और बिना वैध बीमा के बाइक चलाने जैसे मामलों में किए गए थे। यातायात पुलिस टीम ने बाइक चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह मांगे गए दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया। बाइक को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाया गया।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई: गुरुग्राम यातायात पुलिस लगातार ऐसे वाहन चालकों पर नजर रख रही है, जो बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं या अपने पुराने चालानों का भुगतान नहीं करते। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, वाहन का वैध बीमा करवाएं और सभी जरूरी दस्तावेज अपने पास रखें।
इसके साथ ही जिन वाहन चालकों के चालान लंबित हैं, वे समय रहते उनका भुगतान कर दें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




