गुरुग्राम में जाम से मिलेगी राहत, हीरो होंडा चौक-उमंग भारद्वाज चौक तक बनेगा 6 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर
गुरुग्राम: शहर के लोगों के लिए ट्रैफिक से जुड़ी एक बड़ी राहत की खबर है। हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक बनने वाले छह लेन के एलिवेटेड कॉरिडोर को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। करीब 2.24 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 455.22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अब इस कॉरिडोर का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से किया जाएगा। इससे इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होने और वाहन चालकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

यह एलिवेटेड कॉरिडोर NH-352W पर बनाया जाना प्रस्तावित है। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट को लेकर काम चल रहा था, लेकिन इसके निर्माण और जिम्मेदारी को लेकर प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। अब GMDA की ओर से दोबारा भेजे गए प्रस्ताव को राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
GMDA CEO ने प्राथमिकता पर लिया प्रोजेक्ट: GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) दुष्यंत कुमार बेहरा, IAS ने पदभार संभालने के बाद इस प्रोजेक्ट की समीक्षा की थी। उन्होंने संबंधित इंजीनियरिंग अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी स्थिति और निर्माण से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। इसके बाद GMDA ने संशोधित प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा, जिसमें इस एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण NHAI से डिपॉजिट वर्क के तौर पर करवाने की सिफारिश की गई थी। अब सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
लोकल और बाहर से आने वाले ट्रैफिक को मिलेगी अलग राह: इस कॉरिडोर के बनने से हीरो होंडा चौक और उमंग भारद्वाज चौक के बीच सफर पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि स्थानीय ट्रैफिक और हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को अलग-अलग रास्ता मिल सकेगा। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा और ट्रैफिक की आवाजाही ज्यादा सुचारु हो सकेगी।
इस मार्ग से झज्जर और कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर पीक आवर्स में इस सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
जमीन अधिग्रहण और यूटिलिटी शिफ्टिंग पर खर्च हो चुके हैं 116.55 करोड़: GMDA इस प्रोजेक्ट के लिए पहले ही जमीन अधिग्रहण और बिजली-पानी सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की शिफ्टिंग पर करीब 116.55 करोड़ रुपये खर्च कर चुका है। अब राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की जिम्मेदारी NHAI को सौंपे जाने का रास्ता साफ हो गया है।
GMDA CEO दुष्यंत कुमार बेहरा ने कहा कि इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलना गुरुग्राम के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे शहर के सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने और रोजाना सफर करने वाले लोगों को सुविधा देने में मदद मिलेगी।
कुल मिलाकर, हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक बनने वाला यह एलिवेटेड कॉरिडोर गुरुग्राम की ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अहम साबित हो सकता है। अब लोगों की नजरें इसके निर्माण कार्य की शुरुआत और आगे की समयसीमा पर रहेंगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




