Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 25 सितंबर 2026। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शुक्रवार को गांव सुल्तानपुर और अलीमुद्दीनपुर के राजस्व क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 14 एकड़ में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान कॉलोनियों में बनाई गई करीब 30 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स), लगभग 600 रनिंग मीटर तैयार बाउंड्री वॉल और करीब 400 मीटर का इंटरलॉकिंग सड़क नेटवर्क तोड़ दिया गया। इसके अलावा मौके पर निर्माणाधीन एक फार्महाउस को भी ध्वस्त किया गया।
प्रशासन की टीम ने इसके बाद गांव अलीमुद्दीनपुर के बिरहेड़ा मोड़ के पास राजस्व क्षेत्र में विकसित की गई एक अनधिकृत कमर्शियल मार्केट के खिलाफ भी कार्रवाई की। यहां किए गए अवैध निर्माण को भी तोड़ दिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में संबंधित निर्माण और सड़क नेटवर्क को हटाया गया, ताकि सरकारी जमीन और नियमानुसार स्वीकृति के बिना विकसित की जा रही गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने और बिना अनुमति निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों का कहना है कि अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




