Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। काले रंग की महिंद्रा Thar Roxx ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर कई मीटर तक घिसटते चले गए। पूरी घटना पास से गुजर रही एक गाड़ी के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई।

डैशकैम फुटेज में दिखाई दे रहा है कि Thar Roxx का चालक एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में चल रहा था और वाहनों के बीच से निकलते हुए खतरनाक तरीके से ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान उसने बाइक को अचानक कट मारा और थार की टक्कर से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए।
हादसे के बाद भी Thar चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और मौके से निकल गया। घायल दोनों युवकों को बाद में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। हादसे के दौरान दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उन्हें सिर पर गंभीर चोट लगने से बचाव हुआ।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने शुरू की तलाश: हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस चौकी सेक्टर-93 और थाना सेक्टर-10A की टीम ने वीडियो फुटेज के आधार पर थार की पहचान शुरू की। फुटेज से गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर ट्रेस किया गया और उसके आधार पर वाहन मालिक तक पुलिस पहुंची।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे में इस्तेमाल काले रंग की Thar Roxx को सेक्टर-93 स्थित एक सर्विस स्टेशन से बरामद कर लिया है। पुलिस ने गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी चालक की पहचान भी कर ली गई है और उसकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।
Thar पर पहले से पेंडिंग था चालान: जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि इस Thar Roxx पर पहले से 5 हजार रुपये का चालान पेंडिंग था। बताया गया है कि यह चालान इसी साल अगस्त में खतरनाक ड्राइविंग और रेड लाइट जंप करने के मामले में किया गया था।
फिलहाल पुलिस हादसे की पूरी घटना की जांच कर रही है। पीड़ित युवकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वायरल वीडियो समेत दूसरे सबूतों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुई इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर एक्सप्रेसवे पर लेन बदलते समय और ओवरटेक करने के दौरान थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बड़ा हादसा बन सकती है, यह घटना उसका साफ उदाहरण है।




