
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 12 जून। केंद्र में भाजपा शासनकाल के 11 साल पूरे होने पर देशभर में विकसित भारत, अमृतकाल, सेवा सुशासन और गरीब कल्याण जैसे उपलब्धियों की जानकारी प्रेसवार्ताओं के जरिए जनता के बीच पहुंचाई जा रही है।
इसी क्रम में आज बल्लभगढ़ में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक मूलचंद शर्मा ने संवाददाताओं के सामने विस्तार से चर्चा की और सरकार की उपलब्धियों को गिनवाया की किस प्रकार मोदी सरकार ने अपने 11 साल के शासनकाल में विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया है। इस मौके पर उनके साथ बल्लभगढ़ के जिला अध्यक्ष और एनआईटी विधानसभा के विधायक सतीश फागण के अलावा पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा भी उपस्थित थे।
मूलचंद शर्मा ने कहा कि संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 11 साल के शासनकाल में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को लेकर रखा गया था। उन्होंने कहा कि इस कार्यकाल के दौरान विकास, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में जो बेहिसाब कार्य हुए हैं, उसकी चर्चा की गई है और उनके बारे में बताया गया है। साथ ही सुरक्षा के क्षेत्र में जो निर्यात देश ने बढ़ाया है उसके बारे में भी बताया गया है। उन्होंने कहा कि आज भारत को पूरे विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान पर आतंकवाद को लेकर कड़ी कार्रवाई की गई और उन्हें साफ संदेश दिया गया कि अब आतंकवाद को युद्ध की दृष्टि से देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ जम्मू-कश्मीर में चनाब नदी के ऊपर दुनिया का सबसे बड़ा पुल बनाकर कश्मीर को देश के साथ जोड़ा गया और रेलवे कॉरिडोर को बनाया गया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भी भाजपा सरकार द्वारा संपन्न करवाया गया।