
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 जून। गुरुग्राम में आज निर्माणाधीन सोसाइटी में बेसमेंट की दीवार अचानक ढह गिरी। जिसके नीचे दबकर एक मजदूर दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंगली गांव के पास एक सोसाइटी का निर्माण हो रहा है। यहां पर मध्य प्रदेश के गांव समोगर निवासी प्रशांत (33) और उसकी पत्नी चांदनी (26) मजदूरी का काम कर रहे थे। सोसाइटी की बेसमेंट बनाई जा रही थी। दोनों पति-पत्नी आज वहां पर काम कर रहे थे। तभी दोपहर के समय बेसमेंट की दीवार भरभरा कर मजदूरों पर गिर गई। दीवार के मलबे के नीचे दोनों पति-पत्नी दब गए। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। चांदनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रशांत को सोहना के नागरिक अस्पताल ने जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। रास्ते में मौत हो गई।
थाना प्रभारी प्रवीण मलिक ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल रखवा दिया गया है और जांच की जा रही है।