
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 20 जुलाई। NCB हरियाणा के उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल से एक स्थान से दूसरे स्थान का सफर करते हुए नशे के खिलाफ लगातार लोगों के बीच अलख जगा रहे हैं। डॉ. वर्मा अब तक साइकिल से ही हरियाणा के कई जिलों की यात्रा कर चुके हैं। इस दौरान वे लोगों को बता रहे हैं कि केंद्र व राज्य सरकारें लगातार नशे के खिलाफ लड़ रही हैं। देश को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत वन नाइन डबल थ्री अथवा NCB MANAS पोर्टल पर या फिर हरियाणा सरकार के द्वारा जारी नौ शून्य पांच शून्य आठ नौ एक पांच शून्य आठ नंबर पर कोई भी व्यक्ति इससे संबंधित गुप्त सूचनाएं देकर सच्चे नागरिक का कर्तव्य निर्वहन कर सकता है।
डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने गुरुग्राम से मानेसर के विभिन्न गांवों में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम किए। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को एकत्रित कर उपस्थित जनसाधारण को संबोधित करते हुए बताया कि ब्यूरो हरियाणा में दो प्रकार से कार्य करता है। प्रथम अपराधियों को सलाखों तक पहुंचाना और दूसरा जागरूकता के माध्यम से नशा मुक्त समाज का निर्माण करना। उन्होंने बताया कि ब्यूरो द्वारा वर्ष 2023 में 3823 अभियोग अंकित कर 5930 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है, जबकि वर्ष 2024 में 3330 अभियोगों में 5328 नशा तस्करों को सलाखों का मार्ग दिखाया गया है। इस वर्ष जनवरी से जून तक 1858 अभियोग अंकित करके 3051 अपराधियों को कारागार तक पहुंचाया गया है। इतना ही नहीं इस वर्ष नशा तस्करी में संलिप्त 87 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने आगे बताया कि इतना ही नहीं दूसरा कार्य जागरूकता का किया जा रहा है ताकि कोई व्यक्ति नशे की दलदल में न चला जाए। इसीलिए जागरूकता अति आवश्यक है।