Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 सितंबर। फरीदाबाद में सोमवार से रूक रूक कर हो रही बारिश के कारण बल्लभगढ़ नेशनल हाईवे एग्जिट प्वाइंट पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। जल निकासी के लिए एफएमडीए और नेशनल हाइवे अथॉरिटी-एनएचआई द्वारा मशीनें लगवाई गई हैं, लेकिन यह कोशिश नाकाम साबित हो रही है और नेशनल हाईवे पर वाहन धीमी गति से चलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बीच-बीच में अचानक तेज बारिश होने के कारण शहर के अंदरूनी इलाकों में भी जलभराव देखने को मिल रहा है। लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
बल्लभगढ़ नेशनल हाईवे के एग्जिट प्वाइंट पर कल से हो रही बारिश के कारण जलभराव हो गया। जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेशनल हाईवे से गुजरने वाले हर तरह के वाहनों की रफ्तार बल्लभगढ़ के नेशनल हाईवे के एग्जिट प्वाइंट पर आकर रुक जाती है। स्थानीय निवासी मुन्ना ने बताया कि हर बार बारिश के बाद यहां पानी जमा हो जाता है, जिसके बाद वाहनों को आने जाने में समस्या होती है।
वहीं, एनएचआई और एफएमडीए की ओर से पानी की निकासी के लिए मोटर पंप लगवाए गए हैं। इस बीच, एफएमडीए के सुपरवाइजर राजकुमार का कहना है कि जब भी बारिश होती है तो वह लोग यहां तैनात हो जाते हैं और जैसे बारिश रूकती है तो मशीनों के माध्यम से पानी को मशीन के माध्यम से नहर में डाला जाता है उन्होंने कहा कि करीब दो घंटे में पानी की निकासी हो जाएगी।




