Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 4 सितंबर। फरीदाबाद में अपराध शाखा AVTS की टीम ने हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को गांव मोहला के सरपंच ने पुलिस चौकी सीकरी में शिकायत दी थी कि उसके गाँव में सड़क किनारे झाड़ियों में एक लाश पड़ी है। जिस शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा AVTS की टीम ने गुप्त सूत्रों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरेश निवासी गाँव बुरहरी जिला अलवर राजस्थान हाल गाँव मोहला फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि 3 अगस्त को रात के समय सुरेश अपने साथी नितिन के साथ मोटरसाइकिल पर घर आ रहा था , तभी उन्होंने एक व्यक्ति को सड़क के किनारे बैठा देखा। दोनों उस व्यक्ति को मोटरसाईकिल पर बैठाकर नितिन के खेत में ले गए और वहाँ पर नितिन ने अपने भाई निखिल के पास कॉल किया और बताया कि ट्रैक्टर चोर को पकड़ लिया है और खेत में बैठा रखा है। इसके बाद निखिल भी वहां आ गया और इन तीनों ने मिलकर उस व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी और फिर लाश को सड़क किनारे फेंक कर चले गए।
अधिक पूछताछ के लिए सुरेश को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।




