Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 5 सितंबर। फरीदाबाद के तिकोना स्थित पेटी मार्केट में नगर निगम का पीला पंजा अचानक से पहुंचा और करीब 102 पेटियों को हटवाया गया। ज्वाइंट कमिश्नर को इसको लेकर ज्ञापन दिया गया था।
तिकोना पार्क में जिले की सबसे बड़ी कार मैकेनिक मार्केट है, जिसमें यह पेटी मार्केट ठीक महारानी वैष्णोदेवी मंदिर के पीछे अंदरूनी हिस्से में पड़ती है। जिससे न तो ट्रैफिक जाम होता है और ना ही अन्य कोई समस्या आती है। असल समस्या तो तिकोना मार्केट में सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करके मरम्मत करने करने वालों के कारण सड़क जाम हो जाती है और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिसके चलते कई बार देखा गया है कि स्कूल बच्चों की वैन, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड तक ट्रैफिक जाम में फंस जाती है।
पेटी मार्केट का सफाया होने के चलते कई मैकेनिकों का रोजगार पूरी तरह बंद हो गया है और ऐसे में उन्हें यह फिक्र है कि वह अपना घर जैसे चलाएंगे।
वहीं, ऐसे में राजनीति ना हों ऐसा कैसे हो सकता है। हाल ही में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक पेटी मार्केट पहुंचे और मैकेनिकों की समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम कमिश्नर से मिलेंगे। वहीं, भाजपा के ग्यारह साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए और कहा कि भाजपा ने उजाड़ने के अलावा कोई काम नहीं किया है, जबकि कांग्रेस हमेशा लोगों की परेशानियों में साथ खड़े रहती है।




