Image source : social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 सितंबर। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम के सहयोग से अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का 34वां स्थापना दिवस 8 सितंबर को विशेष रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला न्यायालय परिसर गुरुग्राम स्थित शादी लाल हॉल (फर्स्ट फ्लोर) में सुबह 10 बजे से एक मेगा सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य अधिवक्ताओं को समाजहितकारी कार्यों से जोड़ना है, ताकि अधिक से अधिक अधिवक्ता वंचित वर्गों की सहायता में भागीदार बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान एक ‘न्याय केंद्र’ स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से गरीबों, श्रमिकों, आपदा पीड़ितों तथा हाल ही में गुरुग्राम में जलभराव से प्रभावित नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सलाह और सहायता प्रदान की जाएगी। यह पहल समाज के कमजोर और हाशिये पर खड़े वर्गों को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस अभियान को जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की चेयरपर्सन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाणी गोपाल शर्मा तथा सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राकेश कादियान के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। अधिवक्ता परिषद और डीएलएसए का मानना है कि अधिवक्ता बिरादरी को समाज सेवा के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए, ताकि न्याय अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।




