Bilkul Sateek News
फरीदाबाद अजय वर्मा, 12 सितंबर। फरीदाबाद की साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने ठगी के एक मामले में नोएडा सेक्टर 2 स्थित फर्जी कॉल सेंटर में काम करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तिलपत निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 18 अगस्त को उसके पास एक कॉल आया, जिसने अपने आपको एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताया तथा क्रेडिट कार्ड पर लगने वाले वार्षिक चार्ज को हटाने के लिए MY YONO CARD.COM नामक वेबसाइट से एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा और एप पर शिकायतकर्ता से उसके क्रेडिट कार्ड डिटेल्स भरवाई, डिटेल भरने के बाद शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड से 34,976 रुपये कट गए। जिस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में ठगी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आशीष कुमार (28) निवासी दखिन टोला, सिवान बिहार हाल उत्तमनगर नवादा दिल्ली, आकिब खान (24) निवासी गांव सहार जिला आरा बिहार हाल गड्डा कॉलोनी जैतपुर दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आकिब की मुलाकात आशीष व मुज्जर हुसैन (कॉल सेंटर संचालक/मालिक) से वर्ष 2023 में नीमका जेल में हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद मुज्जर हुसैन के साथ फिर से ठगी का काम करने लगे। आशीष कॉलिंग के लिए डाटा उपलब्ध करवाता था और आकिब ठगी के पैसे से ऑर्डर किए गए सामान को बेचने का काम करता था। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया। पुलिस फर्जी कॉल सेंटर संचालक/मालिक मुज्जर हुसैन समेत 5 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।




