file photo source: social media
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 28 सितंबर। फरीदाबाद में रह रहीं छह बार की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर एमसी मैरी कॉम के घर चोरी हुई है। जिस समय यह वारदात हुई मैरी कॉम और उनके परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है। चोरी की सूचना पड़ोसियों ने मैरी कॉम को दी, जिसके बाद मैरी कॉम की सूचना पर पुलिस उनके घर पहुंची।
दरअसल मैरी कॉम फरीदाबाद के सेक्टर 46 में रहती हैं और पिछले कुछ दिनों से वह अपने परिवार समेत मेघालय गई हुई है।पड़ोसियों के मुताबिक पिछले 3 साल से मैरी कॉम यहां रह रही है, लेकिन काफी दिनों से उन्हें यहां नहीं देखा गया। मैरी कॉम द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस उनके घर पहुंची जहां घर का ताला टूटा हुआ था। इसके साथ ही कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जो 24 सितंबर रात करीब तीन बजे की है, जिसमें 6 लोग समान चोरी करके भागते नजर आ रहे हैं। इनमें से एक के हाथ में टीवी भी नजर आ रहा है। क्योंकि मैरी कॉम घर पर नहीं हैं, लिहाजा यह पता नहीं चल सका है कि घर से क्या क्या समान चोरी हुआ है।
पुलिस फिलहाल घर में जांच कर रही है और मैरी कॉम के आने का इंतजार कर रही है क्योंकि उनके आने के बाद ही पता चल सकेगा कि कितना समान चोरी हुआ है। पुलिस का कहना है कि मैरी कॉम के कोच यहां पहुंचे हैं और वो चीज़ें देख रहे हैं।
थाना सूरजकुंड एसएचओ प्रहलाद सिंह ने बताया कि 5 टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं, जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




