स्व. रेनू गोयल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
परिजनों को बंधाया ढांढस, समाज के लिए अपूर्णीय क्षति बताया
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 28 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज फरीदाबाद पहुंचे और हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के आवास पर जाकर उनकी भाभी रेनू गोयल के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रदेश और क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और रेनू गोयल को श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्व. रेनू गोयल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में परिवार को धैर्य बनाए रखना चाहिए और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेनू गुप्ता का अचानक इस दुनिया से चले जाना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उनका निधन न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। स्वर्गीय रेनू गोयल स्नेही, सरल और सौम्य स्वभाव की महिला थीं, जिन्होंने अपने जीवन में सभी के साथ अपनत्व का व्यवहार किया। उनके व्यक्तित्व और कार्यों की स्मृति हमेशा लोगों के हृदय में बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने मंत्री विपुल गोयल व परिजनों को आश्वासन दिया कि इस दुःख की घड़ी में पूरा समाज और वे स्वयं उनके साथ हैं। बता दें कि मंत्री विपुल गोयल की भाभी 65 वर्षीय रेनू गोयल का 24 सितंबर को अचानक निधन हो गया था। वे स्व. विनोद गोयल की धर्मपत्नी थी, जिनके तीन बच्चे हैं।
वहीं, शोक व्यक्त करने के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राज्य सरकार में मंत्री राजेश नागर, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा, बड़खल विधायक धनेश अदलक्खा, बल्लबगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, कांग्रेसी नेता नीरज शर्मा, विजय प्रताप, सुमित गौड, पराग शर्मा, बलजीत कौशिक, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेसिडेंट जितेंद्र भारद्वाज, नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी, इनेलो नेता आदित्या देवीलाल चौटाला सहित अन्य राजनेता भी उनके निवास पर पहुंचे। सभी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें और पूरे परिवार को ढांढस बंधाया। हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि रेनू गोयल के निधन से जो रिक्तता गोयल परिवार में आई है वो निश्चित पीड़ादायक है एवं वह दिवगंत आत्मा की सद्गति की कामना करते हैं।
तिगांव विधायक राजेश नागर ने कहा कि रेनू गोयल का जाना परिवार के साथ-साथ समाज की भी क्षति है। कांग्रेसी नेता नीरज शर्मा ने कहा कि रेनू गोयल का आकस्मिक देहांत परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि इस कड़ी घड़ी में परिवार को हिम्मत दें।
श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग के सदस्य और परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की।




