Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 सितंबर। गुरुग्राम में रविवार देर शाम झगड़े के बाद इंजीनियर दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले पति ने अपने दोस्त को एक वीडियो भी भेजा था। दोस्त ने तुरंत इसकी सूचना सेक्टर-10 पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की टीम सेक्टर-37 स्थित मिलेनियम सिटी सोसाइटी पहुंची। यहां फ्लैट के अंदर दोनों की लाश लटकी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सोमवार को परिवार के लोगों के आने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
मृतकों की पहचान अजय कुमार और स्वीटी शर्मा के रूप में हुई है। अजय उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और स्वीटी पश्चिम बंगाल के आसनसोल की रहने वाली थी। 3 साल पहले दोनों की शादी हुई थी। दोनों गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करते थे। स्वीटी का वर्क फ्रॉम होम चल रहा था। पिछले 2 साल से दोनों मिलेनियम सिटी सोसाइटी के टावर 7 में 13वें फ्लोर पर रह रहे थे।
अजय के दोस्त ने पुलिस को बताया कि उसके पास 5 बजे अजय का वीडियो आया था। उसमें अजय आत्महत्या करने की बात कर रहा था। वीडियो में देख ऐसा लग रहा था, जैसे दोनों पति-पत्नी में झगड़ा हुआ है।




