file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 29 सितंबर। गुरुग्राम जिले में एक विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। वहीं, परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं हत्या का मामला है। फिलहाल, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार स्विफ्ट कार और पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
नूहं जिले के भपावली गांव की निवासी रेशमा की शादी 24 जनवरी 2023 को सोहना के सांचोली गांव निवासी मुस्तकीम के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति मुस्तकीम और ससुराल पक्ष के अन्य लोग दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे थे।
परिजनों का आरोप है कि रेशमा को कई बार मारपीट कर मायके भेज दिया गया था। करीब सात महीने पहले गांव स्तर पर पंचायत के माध्यम से समझौता भी कराया गया था, जिसके बाद रेशमा को ससुराल भेजा गया। इसके बावजूद ससुरालवाले उसे बार-बार स्विफ्ट कार और 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाते रहे और मना करने पर जान से मारने की धमकियां देते थे।
कल रात परिजनों को सूचना मिली कि रेशमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। साहूद ने बताया कि उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है और ससुराल पक्ष ने रेशमा की हत्या कर लाश को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
थाना प्रभारी सुखपाल सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मुस्तकीम, शकील, रवीना, समरीन, रेशमा और मुस्ताक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।




