Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 3 अक्टूबर। फरीदाबाद में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगा एक 32 वर्षीय पिता अपनी तीन मासूम बेटियों को फांसी लगा खुद भी फंदे पर झूल गया। इसमें पिता और एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बच गईं। दोनों को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मामला धौज थाना फरीदाबाद क्षेत्र के नेकपुर गांव का है। यहां पर कर्मवीर अपने परिवार के साथ रहता है। उसकी तीन बेटियों के नाम 10 वर्षीय छवि, 8 वर्षीय निशु और 6 वर्षीय सृष्टि हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कर्मवीर अपनी तीनों बच्चियों के साथ घर के बाहर बने पशु बांधने वाले बाड़े में सोया करता था। कल रात भी वह यहीं सोया था। सुबह करीब 4.30 से 5 बजे के बीच उसने पहले बेटियों को फंदे पर लटकाया और फिर खुद भी फांसी लगा ली। जब परिवार का एक सदस्य सुबह वहां पहुंचा तो उसने चारों को फंदे पर लटका देखा। शोर मचने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दो बच्चियों की सांसें चल रही थीं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहीं कर्मवीर और बड़ी बेटी छवि की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
इस पूरे मामले ने तब और सनसनी फैला दी जब पता चला कि कर्मवीर ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी चंचल, सास बबिता, सालियां ज्योति और पूजा और पत्नी की बुआ पूनम पर गंभीर आरोप लगाए। उसने आरोप लगाया कि ये सभी महिलाएं वेश्यावृत्ति में लिप्त हैं और उसे तथा उसकी पत्नी को भी इसमें कई बार फंसाने की कोशिश की। कर्मवीर ने कहा कि उसकी मौत का जिम्मेदार यही लोग हैं और पुलिस उनके मोबाइल फोन चैक कर कड़ी कार्रवाई करे। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके परिवार की संपत्ति पर भी ससुराल वालों की नजर है।
गांव वालों के अनुसार, कर्मवीर का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के साथ पिछले डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। इसी वजह से पति-पत्नी अलग रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि करीब 7 दिन पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से कर्मवीर काफी परेशान रहने लगा। वह डेयरी चलाकर बच्चों की पढ़ाई और परिवार का पालन-पोषण करता था।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और तनाव का लग रहा है। मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक के ससुराल पक्ष और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।



