Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 3 अक्टूबर। फरीदाबाद में कल रात बेखौफ बदमाशों ने पुलिस के सामने ही 35-36 वर्षीय एक युवक प्रवीण की हत्या कर दी। इस वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पुलिस के सामने ही कुछ युवा चाकूबाजी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामला बसेलवा कालोनी का है। यहां पर दुकान बंद कर घर लौटते हुए एक दुकान पर सामान खरीदने के लिए रूके प्रवीण का कुछ बदमाशों से वाद विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की बदमाशों ने चाकूबाजी शुरू कर दी। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन बदमाश बिना डरे चाकूबाजी करते रहे। चाकू लगने से प्रवीण बुरी तरह से घायल हो गया। प्रवीण को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि प्रवीण की हत्या में नामजद आरोपी राजा को राउंडअप पर लिया गया है। राजा थाना ओल्ड का बीसी है और हाल ही मारपीट के मामले में जेल से छूट कर आया था।



