हरियाणा एनसीबी गुरुग्राम यूनिट की प्रभावी कार्रवाई
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 17 अक्टूबर। हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की गुरुग्राम यूनिट ने एक और सफलता दर्ज की है। ब्यूरो की टीम ने बिजनेस टावर बिल्डिंग सेक्टर-54 मेट्रो स्टेशन के नजदीक कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर को 109.39 ग्राम चरस (मध्यम मात्रा) सहित गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के दिशानिर्देशों, पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के नेतृत्व तथा उप पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार के पर्यवेक्षण में यूनिट प्रभारी निरीक्षक संदीप की देखरेख में की गई।
नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु यूनिट के एएसआई महेंद्र सिंह थाना सेक्टर-53 के एरिया में मोजूद थे। गश्त के दौरान एएसआई और उनकी टीम को नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ा। राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में तलाशी के दौरान 109.39 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरीन उर्फ आयरन पुत्र विजय कुमार सिंह निवासी गांव अकबरपुर आबला जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी तिलक नगर दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-53 में एफआईआर संख्या 220/17.10.2025, धारा 20बी(द्वितीय)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा नशीले पदार्थ की अवैध सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने आमजन से नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा की यदि आमजन को कहीं भी नशे का व्यापार दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल ncbmanas.gov.in या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर बेझिझक दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।




