Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 14 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में, मानेसर डिटेंशन सेंटर भेजे गए
गुरुग्राम: गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 14 बांग्लादेशी नागरिकों को एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने हिरासत में लिया है। एटीएस गुरुग्राम ने एसओजी नूंह और एसओजी रोहतक की टीमों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सभी लोगों के पास बांग्लादेश से जुड़े पहचान पत्र और दूसरे दस्तावेज मिले हैं। शुरुआती जांच में उनके पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा, पासपोर्ट या अन्य जरूरी अनुमति नहीं मिली। सभी 14 लोगों को मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 7 नवंबर 2026 को भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई। एटीएस गुरुग्राम की टीम को गुप्त सूचनाएं मिली थीं, जिसके बाद जानकारी की जांच की गई। इसके आधार पर एटीएस गुरुग्राम, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) नूंह, एसओजी रोहतक और एटीएस के अन्य कर्मचारियों की संयुक्त टीम बनाई गई।
जांच में बांग्लादेश से जुड़े दस्तावेज मिले: संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान 14 लोगों को हिरासत में लिया। जांच में इनके पास से बांग्लादेश से संबंधित पहचान पत्र और दूसरे दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इनमें से किसी के पास भी भारत में रहने के लिए जरूरी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मोहम्मद लुतफोर रहमान (17), मोहम्मद राजू मियां (20), साकिब हुसैन (18), मोहम्मद तारेकुल इस्लाम (17), इलियास अली (18), मोहम्मद फेरुज इस्लाम (19), मोहम्मद अनारुल हक (30), साकिब राणा (19), गुलाम रब्बानी (23), मोहम्मद ज्वेल राणा (20), अनवर हुसैन (37), आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन (22), मोहम्मद मसूद राणा (27) और राजू आलम (28) के रूप में हुई है। ये सभी बांग्लादेश के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।
मानेसर डिटेंशन सेंटर भेजे गए सभी 14 लोग: कार्रवाई के बाद एटीएस की टीम ने सभी 14 लोगों को मानेसर स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इनके खिलाफ नियमों के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों पर नजर: एटीएस गुरुग्राम की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से भारत में रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, ऐसे लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी जांच की जाती है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाती है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व एटीएस के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




