Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 7 नवंबर। बागेश्वर बाबा की यात्रा के मद्देनजर फरीदाबाद पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। इसके लिए यात्रामार्ग पर लगभग 2000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल ने आज यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बंदोबस्त का जायजा लिया। फरीदाबाद पुलिस ने साथ ही अपनी ड्यूटी की रिहर्सल भी की।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम) की “सनातन एकता पदयात्रा” 8 नवंबर को मांगर चुंगी बॉर्डर से जिला फरीदाबाद में सुबह 8 बजे पहुंचेगी। यात्रा समाप्त होने तक फरीदाबाद से गुरुग्राम (पाली-मागंर ) आने जाने वाला मार्ग पूर्णतया बंद रहेगा।
9 नवंबर को सुबह 7 बजे से दशहरा ग्राउंड एनआईटी से हार्डवेयर चौक सोहना टी प्वाइंट होते हुए बल्लबगढ़ दशहरा ग्राउंड तक यात्रा मार्ग दोनों तरफ आमजन के लिए पूर्णतया बंद रहेगा।
यात्रा के दौरान गुरुग्राम आने जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग अंखिर गोल चक्कर → सूरजकुंड गोल चक्कर → शूटिंग रेंज → महरौली सड़क मार्ग या मुंबई एक्सप्रेसवे मार्ग का चयन करे।
यात्रा का रात्रि विश्राम 8 नवंबर को दशहरा मैदान एनआईटी और 9 नवंबर को शगुन वाटिका सीकरी में निर्धारित है।
10 नवंबर को यात्रा शगुन गार्डन सिकरी से पलवल की ओर प्रस्थान करेगी।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता के निर्देश अनुसार यात्रा के नोडल अधिकारी ज्वाइंट सीपी राजेश दुग्गल के मार्गदर्शन में ट्रैफिक एवं थाना पुलिस फरीदाबाद द्वारा पदयात्रा के दृष्टिगत समुचित पुलिस बल की तैनाती एवं रूट डायवर्जन किया गया है। पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को ड्यूटी के लिए पूर्व निर्धारित रूट पर तैनात किया गया है, ताकि कानून व्यवस्था एवं यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे।
महत्वपूर्ण ट्रैफिक एडवाइजरी
8 नवंबर (शनिवार) को सुबह 8 बजे से यात्रा पूर्ण होने तक फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड को दोनों दिशाओं में पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा।
बागेश्वर बाबा की पदयात्रा में श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस अवधि में सामान्य, निजी, व्यावसायिक व सार्वजनिक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल यात्रा से संबंधित वाहन एवं आपातकालीन सेवाओं को ही पुलिस नियंत्रण में आवाजाही की अनुमति होगी।
नागरिकों से अपील की जाती है कि वे यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स व दिशानिर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
वैकल्पिक मार्ग-
अंखिर गोल चक्कर → सूरजकुंड गोल चक्कर → शूटिंग रेंज → महरौली रोड का उपयोग करें।
मुख्य यात्रा मार्ग (8 नवंबर)
पदयात्रा प्रातः 8 बजे मांगर चुंगी बॉर्डर से जिला फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। इसके पश्चात् गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड टी-प्वाइंट से बाएं मुड़कर पाली चौक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई है। इसके बाद यात्रा सीधे चलकर पाली चौक रेड लाइट से THSTI/NCR Biotech Science Cluster के समीप बने ढाबे तक पहुंचेगी, जहां दोपहर के भोजन की व्यवस्था रहेगी। भोजन उपरांत यात्रा हनुमान मंदिर गुरुग्राम मोड़ नाका से बाएं मुड़कर सैनिक कॉलोनी, मस्जिद चौक, टाउन नं. 3, ईएसआई चौक होते हुए बाएं मुड़कर मेट्रो मोड से पहले स्थित दशहरा मैदान एनआईटी फरीदाबाद पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
9 नवंबर को यात्रा दशहरा मैदान एनआईटी से प्रारंभ होकर मेट्रो मोड़ से दाएं मुड़ते हुए बस स्टैंड एनआईटी, तिकोना पार्क, हार्डवेयर चौक, व्हर्लपूल चौक, सेक्टर 22/23 चौक, लखानी चौक, सोहना टी-प्वाइंट से बाएं मुड़कर से. 25/55 चौक से बल्लभगढ़ रेलवे फ्लाईओवर होते हुए बल्लभगढ़ बस स्टैंड पुलिस चौकी के आगे से एमसीए के दफ्तर के अंदर से दशहरा ग्राउंड मैदान बल्लभगढ़ (भोजन स्थल) पहुंचेगी।
दोपहर के भोजन उपरांत फिर से एलसन चौक से सर्विस रोड मार्ग से झाड़सेंतली चौक, जाजरू कट, कैली बाईपास चौक, डीपीएसजी स्कूल, शगुन वाटिका सीकरी पहुंचेगी, जहां रात्रि ठहराव रहेगा।
10 नवंबर को यात्रा सीकरी शगुन गार्डन से प्रस्थान कर पलवल की ओर जाएगी।
किसी भी प्रकार की ट्रैफिक सहायता या जानकारी के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम (0129-2267201, 2225999) या हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें।
नागरिक फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स फेसबुक इंस्टाग्राम ट्विटर एक्स को फॉलो करें, ताकि समय-समय पर जारी ट्रैफिक अपडेट्स एवं सूचनाएं प्राप्त होती रहें।
इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु पैदल चलेंगे, जिसके कारण जिले के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।




