भगवान शिव कथा में धूमधाम से मनाया गया पार्वती जन्मोत्सव
‘प्रदर्शन’ नहीं, ‘आत्म-दर्शन’ से ही होगा सच्चा नारी-सशक्तिकरणः डॉ. सर्वेश्वर
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 12 नवंबर। गुरुग्राम के सेक्टर 10 में यूरो इंटरनेशनल स्कूल के पास हुडा ग्राउंड में सात-दिवसीय भगवान शिव कथा के चौथे दिन आज श्रद्धालु माता पार्वती के जन्मोत्सव को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कथा का आयोजन दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा किया जा रहा है।
कथा का वाचन करते हुए डॉ. सर्वेश्वर ने बताया कि महाराज हिमवान व महारानी मैना ने आदिशक्ति जगदंबिका की 27 साल तक आराधना कर उन्हें पुत्री स्वरूप में पाने का वरदान मांगा। उसी वर के फलस्वरुप मां भवानी पार्वती के रूप में महाराज हिमवान के घर कन्या बन जन्म लेकर आई। स्वामी ने बताया कि यह भारतीय संस्कृति का कितना अद्भुत पक्ष है, जहां पुत्री के जन्म के लिए 27-27 साल तक की लंबी व घोर तपस्याएं की जाती थीं। लेकिन एक आज का भारत है जहां नारी की दशा इतनी शोचनीय व दयनीय है कि बेटी के जन्म लेते ही माता-पिता के माथे पर चिंता की रेखाएं खिंच जाती हैं। आज हर दिन नारी शोषण, दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न की घटनाओं से समाचार पत्र अटे रहते हैं। चाहे वो दिल्ली का ‘निर्भया कांड’ हो या ‘कोलकता रेप कांड’, ये सब दर्शाते हैं कि आज का समाज कितना गिर गया है जो नारी को केवल मात्र भोग की वस्तु मानता है। और इससे भी अधिक शोचनीय तो यह है कि आज की नारी भी स्वयं की गरिमापूर्ण शक्ति को भूल चुकी है। आज उसे यह समझना ही होगा कि वह अबला नहीं, सबला है। इसके लिए जरूरत है नारी को आत्मदर्शन प्राप्त कर अपने भीतर की सुप्त शक्ति को जाग्रत करने की। बाहरी सौंदर्य-प्रदर्शन तो छिछला है, नारी का वास्तविक सौंदर्य तो उसकी आत्मा में समाया है। ब्रह्मज्ञान से जब उसके भीतर आत्मा का दिव्य ओज पैदा होगा तो उसकी तेजस्विता के सामने संपूर्ण विश्व नत हो जाएगा। हर वासनापूर्ण दृष्टि दग्ध हो स्वाहा हो जाएगी और जगत उसकी पवित्रता को नमन करेगा। स्वामी ने बताया कि दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान आज ‘संतुलन’ प्रकल्प के अंतर्गत समाज में नारी को आत्मदर्शन की ब्रह्मविद्या प्रदान कर पुनः महिमामंडित पद पर आसीन करने के लिए कटिबद्ध है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथिगणों में प्रमुख रूप से पवन कुमार जिंदल अध्यक्ष दौलताबाद बाढ़ रोड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन गुरुग्राम, अधिवक्ता पी.सी. सैनी जीएसटी समन्वयक भाजपा जिला गुरुग्राम, धर्मपत्नी समेत नोवेक्स इंडिया के चेयरपर्सन तिलक राज गर्ग, सुनील शर्मा निदेशक फ्लाई लॉजिस्टिक्स प्रा. लि., अधिवक्ता राजकुमार शर्मा; राजेश कुमार प्रसाद; ज्योति रोहिल्ला प्रसाद और सरोज रमेश राठी चेयरपर्सन नगर परिषद बहादुरगढ़ शामिल रहीं। चौथे दिन के यजमान अमन सचदेव एवं पूजा सचदेव, संदीप चेटल एवं मोनिका चेटल, चतर कुमार गोयल, सुमन शेखावत (स्वर्गीय कृष्णपाल शेखावत की धर्मपत्नी), संदीप कुमार एवं अमनजोत कौर, सुलेखा यादव (स्वर्गीय नरेश यादव की धर्मपत्नी) तथा मुकेश कुमार एवं अंजना रहे, जिन्होंने भक्ति एवं श्रद्धा के साथ यज्ञ का अनुष्ठान संपन्न किया।




