Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 13 नवंबर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) गुरुग्राम ईस्ट कार्यालय में कार्यरत मोहित कुमार क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-दो (Regional Commissioner-II) का स्थानांतरण प्रतिनियुक्ति आधार पर केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा (Central University of Haryana) में आंतरिक लेखा अधिकारी (Internal Audit Officer) के पद पर किया गया है।
मोहित कुमार अगस्त 2022 से गुरुग्राम ईस्ट कार्यालय में पदस्थ हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान किया। विशेष रूप से, शिकायत निवारण प्रणाली को सशक्त बनाना, नियोक्ता एवं सदस्य सेवा वितरण को बेहतर बनाना तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
गुरुग्राम ईस्ट कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मोहित कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान कार्यालय में पारदर्शिता, दक्षता और उत्तरदायित्व की संस्कृति विकसित की।
केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा में उन्हें आंतरिक लेखा अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, जहां वे विश्वविद्यालय के लेखा, आंतरिक लेखा-परीक्षण और वित्तीय अनुपालन संबंधी कार्यों की देखरेख करेंगे।
ईपीएफओ परिवार ने मोहित कुमार को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामना दी है और विश्वास व्यक्त किया है कि वे अपनी प्रतिबद्धता, निष्ठा और प्रबंधन कौशल से नए पद पर भी संगठन की गरिमा को बढ़ाएंगे।



