Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 18 नवंबर। फरीदाबाद की गांधी कालोनी स्थित आईटीआई के सामने एक आई 10 अचानक से फुटपाथ पर चढ़ गई और जिसकी चपेट में फुटपाथ पर खड़ी रेहड़ी, साइकिल और बाइक आ गई। उसके बाद कार एक पेड़ से टकरा गई, जिसके चलते गाड़ी की रफ्तार कम हो गईं और एक दुकान के आगे लगी लोहे की सीढ़ी से टकरा गई। जिसके तुरंत बाद गाड़ी के एयर बैलून खुल गए। इस हादसे में केवल कार सवार ही घायल हुआ है जिसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है आज सुबह करीब साढ़े चार बजे तेज धमाके जैसी आवाज आई तो लोग घरों से बाहर निकले, जिसके बाद उन्होंने देखा कि एक दुकान के बाहर एक गाड़ी जिसके परखच्चे उड़ गए थे खड़ी है और आस पास भी सब कुछ तहस नहस नजर आ रहा था। लोगों ने जब पास जाकर देखा तो कार सवार एक युवक उसमें घायल हालत में पड़ा था। जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया।
लोगों ने बताया कि हो सकता है शायद चालक ने शराब पी रखी हो तभी इस तरह का हादसा हुआ है। लोगों का कहना था यदि यह हादसा दिन में हुआ होता तो कई लोग उसकी चपेट में आ सकते थे, हालांकि उनके सामान का काफी नुकसान इस हादसे में हुआ है । वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गाड़ी को क्रेन की मदद से हटवाया गया। फिलहाल पुलिस चालक के होश में आने का इंतजार कर रही है और उसके बाद ही बयान लेकर आगामी कार्रवाई करेगी।




