Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 19 नवंबर। भारत की प्रथम और अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री रही इंदिरा गांधी अपने कड़े फैसलों के लिए आज भी दुनियाभर में जानी जाती हैं। उन्होंने ऐसे कई फैसले लिए जिसने देश के इतिहास को बदल कर रख दिया। आज भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्रध्दासुमन अर्पित किए। गुरुग्राम के शहरी अध्यक्ष पंकज डाबर एवं ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि इंदिरा गांधी भारत की पहली और इकलौती महिला थी जिन्हें लोग आयरन लेडी के नाम से जानते थे और रविंद्र नाथ टैगोर ने इंदिरा गांधी को प्रियदर्शनी नाम दिया था। वह दो अलग-अलग अवधि में 15 वर्षों से अधिक समय तक देश की प्रधानमंत्री रही। 31 अक्टूबर 1984 को उनकी हत्या कर दी गई। इंदिरा गांधी महज एक नाम नहीं, बल्कि ताकत का स्वरूप थी ऐसी ताकत, जिसके आगे अमेरिका भी सजदा करता था। इंदिरा गांधी के फौलादी इरादे की दुनिया कायल थी। स्वतंत्र भारत के इतिहास में चंद लोग ऐसे हुए हैं जिन्होंने देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर अपनी अमिट छाप छोड़ी और उनके व्यक्तित्व की मिसालें दी गई है। इंदिरा प्रियदर्शनी गांधी भी एक ऐसा नाम है, जिन्हें उनके निर्भीक फैसलों और दृढ़निश्चय के चलते लौह महिला कहा जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की आयरन लेडी के रूप में विख्यात स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने ही अपने मजबूत नेतृत्व से शक्तिशाली भारत की नींव रखी थी। उन्होंने अपनी निडरता का परिचय देते हुए बांग्लादेश को अलग देश बनवाया और पाकिस्तान को सोचने पर विवश कर दिया । स्वर्गीय इंदिरा गांधी के मजबूत इरादे व निडर नेतृत्व के लिए देश के नेताओं ने उनकी मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें दुर्गा के रूप की संज्ञा दी। उनके देशहित में दिए गए बलिदान का देश हमेशा ऋणी रहेगा। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी के बताए रास्ते पर चलने का प्रण भी लिया।




