Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 नवंबर। राजस्थान पुलिस ने लॉरेंस गैंग के एक गैंगस्टर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश यहां पर एक सोसाइटी में अपनी प्रेमिका के साथ छुपकर रह रहा था। राजस्थान पुलिस ने उसको पकड़ने के लिए जाल बिछाया था और सोसाइटी में एक पुलिसकर्मी सिक्योरिटी गार्ड बनकर उसपर निगाह रख रहा था। पुलिस गैंगस्टर को अपने साथ राजस्थान ले गई है।
राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने गैंगस्टर प्रदीप गुर्जर उर्फ प्रदीप राव को पकड़ने के लिए लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। प्रदीप गुर्जर सेक्टर-77 स्थित एमआर पाम हिल्स सोसाइटी के ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के फ्लैट में अपनी प्रेमिका के साथ छिपकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए सोसाइटी के गेट पर राजस्थान पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने 3 दिन तक गार्ड बनकर उसकी निगरानी की और मौके मिलते ही उसे दबोच लिया।
प्रदीप राजस्थान के कोटपूतली का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि प्रदीप लॉरेंस के करीबी सचिन थापन के लिए काम कर रहा था। उसकी गर्लफ्रेंड भी राजस्थान की ही रहने वाली है। गैंगस्टर यहां कितने दिन से रहा था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
प्रदीप को पकड़ने के लिए एडिशनल एसपी सिद्धांत शर्मा और इंस्पेक्टर राम सिंह की अगुआई में विशेष टीम तैयार की गई थी। उन्होंने सीसीटीवी खंगाल कर गुरुग्राम स्थित पॉश सोसाइटी एमआर पाम हिल्स के गेट पर हेड कॉन्स्टेबल सुधीर कुमार को गार्ड बनाकर तैनात किया।
दरअसल, एसआई बनवारी लाल, हेड कॉन्स्टेबल सुधीर कुमार को उसके एक फ्लैट में छिपे होने की जानकारी मिली थी। बृहस्पतिवार को मौका पाकर पुलिस ने छापा मारा और उसे पकड़ लिया। इसके बाद राजस्थान पुलिस प्रदीप को अपने साथ कोटपूतली लेकर चली गई।
प्रदीप गुर्जर कुख्यात 6161 गैंग का सरगना है। यह गैंग हाईवे पर स्थित होटल संचालकों को निशाना बनाकर उनसे जबरन रंगदारी वसूलता है। गैंग की शुरुआत भीलवाड़ा में हरी तंवर से हुई। बाद में इसकी कमान विनोद मांडली के पास गई और उसकी हत्या के बाद प्रदीप इसे संचालित करने लगा।
प्रदीप गुर्जर गैंगस्टर लॉरेंस के सहयोगी सचिन थापन की सक्रिय कड़ी की तरह काम करता था। उसके खिलाफ रंगदारी, बैंक लूट, डकैती, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे अपराधों के तीन दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक प्रदीप कोटपूतली, बहरोड़, बानसूर, भीलवाड़ा और गुरुग्राम के युवकों को गैंग में शामिल कर रहा था।




