Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 9 दिसंबर। फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 5 साल की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिंटू नाम के आरोपी को कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिंटू भी उसी घर में किराए पर रहता था और अक्सर बच्चों को खिलाता पिलाता रहता था। ऐसे में किसी को कभी भी उसपर या उसकी हरकत पर शक नहीं हुआ था।
पुलिस को मिले सीसीटीवी में पिंटू बच्ची को ले जाता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस की छापेमारी के दौरान उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है या नहीं, लेकिन पुलिस इतना जरूर बता रही है कि आरोपी के अनुसार गला दबाकर हत्या की गई है। सूत्रों के अनुसार कहां जा रहा है कि बच्ची के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई है।
वहीं, जानकारी देते हुए ओल्ड फरीदाबाद एसीपी संजीव कुमार ने बताया कि कल शाम को 4 बच्ची घर से ट्यूशन के लिए निकली थी, तभी पिंटू नाम का व्यक्ति नशे की हालत में बच्ची को अपने साथ ले गया और बाद में लड़की की हत्या कर उसे उसी के घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक कर मौके से फरार हो गया। हालांकि जिस समय बच्ची को आरोपी ले जा रहा था तो उसका वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। परिजनों की शिकायत के बाद सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बिहार का रहने वाला है और पल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरकेश कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। फिलहाल पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
मृतक बच्ची के मां-बाप और पड़ोसी ने बताया कि आरोपी पिंटू इस घर में पिछले 1 साल से किराएदार था और अक्सर बच्चों को खिलाता-पिलाता रहता था। उसकी नीयत पर किसी को भी कोई शक नहीं हुआ था, लेकिन सीसीटीवी के चलते आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अब सभी लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं यहां तक की फांसी की मांग भी पड़ोसियों द्वारा की जा रही है।




