Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I (EOW-I) द्वारा एक गंभीर आर्थिक अपराध के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए बैंक की वेंडर कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया गया है, जिसके (वेंडर कंपनी) द्वारा बैंक की करोड़ों रुपये मूल्य की POS (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीनों को बिना वैध कारण एवं गलत नीयत से अपने कब्जे में रखकर वापस न करने का मामला सामने आया था।
अभियोग का विवरण: 06.12.2023 को आर्थिक अपराध शाखा-I से जांच के उपरांत एक शिकायत पुलिस थाना डीएलएफ फेज-2 में प्राप्त हुई। जिसमें शिकायतकर्ता बैंक (अमेरिकन एक्सप्रेस बैंकिंग कॉर्प USA) के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक भारत में एक अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक है, जो क्रेडिट कार्ड जारी करने, सर्विसिंग देने तथा संस्थागत जमा स्वीकार करने जैसी सेवाएं प्रदान करता है। बैंक द्वारा सर्वपोज ग्लोबल ई-सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के साथ POS टर्मिनल मशीनों को इंस्टॉल करने, परीक्षण करने एवं व्यापारियों को प्रशिक्षण देने हेतु समझौता किया गया था। इस समझौते के अंतर्गत बैंक द्वारा वर्ष 2014 से 2019 के बीच कुल 1301 POS मशीनें वेंडर कंपनी को उपलब्ध करवाई गई थीं, जिनका कुल मूल्य लगभग 1 करोड़ 20 लाख 51 हजार 193 रुपये था। वर्ष 2021 में बैंक द्वारा POS मशीनों के इंस्टॉलेशन का कार्य सर्वटेक (Servtek) प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया, जो कि सर्वपोज कंपनी की ही एक अन्य संबद्ध कंपनी थी। जून 2022 में बैंक एवं सर्वटेक कंपनी के बीच किया गया समझौता समाप्त हो गया, किंतु वेंडर कंपनी द्वारा बिना किसी वैध कारण के तथा दुर्भावनापूर्ण मंशा से बैंक की 1301 POS मशीनें बैंक को वापस नहीं की गईं और उन्हें अपने कब्जे में रखा गया।
अभियोग अंकित : शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया तथा मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा-I को सौंपी गई। EOW-I की पुलिस टीम द्वारा अभियोग में विधिसम्मत कार्रवाई एवं गहन अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी: आर्थिक अपराध शाखा-I की टीम ने पुलिस प्रणाली एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से मामले की जांच करते हुए संलिप्त आरोपी के विरुद्ध 05.12.2025 को लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी करवाया और 25.12.2025 को आरोपी को चेन्नई एयरपोर्ट तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की पहचान: अर्जुन राजू (उम्र-30 वर्ष, शिक्षा-बी.टेक.) निवासी क्रॉस स्ट्रीट राजीव नगर जिला कोयंबटूर (तमिलनाडु) जो कि सर्वपोज ग्लोबल ई-सर्विस प्राइवेट लिमिटेड एवं सर्वटेक प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर है।
पुलिस पूछताछ: प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मूल रूप से तमिलनाडु का निवासी है तथा वर्ष-2014 से सर्वपोज ग्लोबल ई-सर्विस प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर है। साथ ही वह सर्वटेक प्राइवेट लिमिटेड का भी डायरेक्टर है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी कंपनी द्वारा अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक की POS मशीनों की इंस्टॉलेशन एवं रखरखाव की सेवाएं प्रदान की जाती थीं। कोविड-19 महामारी के दौरान उसकी कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ, जिसके चलते इसने बैंक की 1301 POS मशीनें वापस नहीं लौटाई।
आगामी कार्रवाई: आरोपी को न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य सहयोगियों की पहचान, अन्य संभावित वारदातों का खुलासा, वारदात में प्रयुक्त दस्तावेजों एवं बैंक की POS मशीनों की बरामदगी के सम्बन्ध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




