Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 19 जनवरी। फरीदाबाद नगर निगम की सदन की बैठक में सोमवार को जबरदस्त हंगामा हुआ। हंगामा इतना बढ़ गया कि उसको कवर कर रहे मीडिया को सदन से बाहर तक निकाल दिया गया। मेयर प्रवीण बत्रा इस बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।
बताया जा रहा है कि सदन की बैठक के दौरान पार्षदों ने फाइनेंस कमेटी के मेंबर और सीनियर व डिप्टी मेयर के चुनाव की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पार्षद लगातार सदन में चुनाव की मांग को लेकर हल्ला-गुल्ला करते नजर आए। बैठक में जहां पार्षदों ने जमकर हंगामा काटा, वहीं लोगों के विकास कार्य को लेकर बैठक में कहीं कोई चर्चा नजर नहीं आई। पार्षदों की मांग थी कि पहले सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर और फाइनेंस कमेटी के सदस्यों का चुनाव होना चाहिए उसके बाद ही बैठक आयोजित की जानी चाहिए।
एक तरह से भाजपा के पार्षद होते हुए भी यहां पर चुनाव न होना पार्टी के लिए गले की फांस बन गई है। वहीं, जनता के विकास कार्यों पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।
चुनाव को लेकर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा है कि अभी उनके पास ऊपर से कोई मैसेज नहीं आया है, जैसे ही ऊपर से मैसेज आएगा तो चुनाव भी करवा दिया जाएगा। वहीं, पार्षदों ने बताया कि कई पार्षदों ने मांग रखी थी कि फाइनेंस कमेटी का गठन किया जाए। वहीं, ज्यादातर पार्षदों का कहना था कि डिप्टी मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव भी कराए जाएं।




