Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 4 अगस्त। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कौशल-बंबीहा गैंग के सक्रिय सदस्य और वांछित अपराधी गौरव उर्फ गौरव गाडोली को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से डिपोर्ट कर भारत वापस ले आई है। साल 2026 में STF हरियाणा का यह 13वां सफल डिपोर्टेशन है।
जांच में सामने आया है कि गौरव ने गैंग के सदस्य पवन शौकीन को डब्बा कॉल (Dabba Calls) उपलब्ध कराई थीं, जिनके जरिए दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में गैंग की गतिविधियां चलाई जा रही थीं।

जांच में सामने आया है कि गौरव ने गैंग के सदस्य पवन शौकीन को डब्बा कॉल (Dabba Calls) उपलब्ध कराई थीं, जिनके जरिए दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में गैंग की गतिविधियां चलाई जा रही थीं।
पुलिस के अनुसार गौरव कुख्यात गैंगस्टर कौशल का साला है। उसकी बहन मनीषा, जो कौशल की पत्नी भी है, गैंग की सक्रिय सहयोगी बताई जाती है। जांच में यह भी सामने आया कि कौशल के फरार रहने के दौरान गौरव और मनीषा गैंग के लिए नए सदस्यों की भर्ती, पैसों के नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों के समन्वय का काम संभालते थे।
फर्जी पासपोर्ट पर गया था दुबई: STF के मुताबिक गौरव 30 नवंबर 2023 को लखनऊ एयरपोर्ट से फ्लाइट IX-193 के जरिए दुबई गया था। उसने यह यात्रा फिरोजाबाद निवासी साहिल यादव के नाम पर धोखाधड़ी से हासिल किए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल करके की थी। विदेश में रहने के दौरान भी वह गैंग के लिए लगातार सक्रिय रहा।
6 आपराधिक मामले दर्ज: गौरव के खिलाफ गुरुग्राम और रेवाड़ी में रंगदारी, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और संगठित अपराध से जुड़े कुल छह मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में उसे अदालत ने उद्घोषित अपराधी (PO) भी घोषित किया था। उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था।
रेवाड़ी के चर्चित पुष्पांजलि हॉस्पिटल के संचालक डॉ. एस.पी. यादव के बेटे के अपहरण से जुड़े मामले में भी उसका नाम सामने आया था।
कई एजेंसियों ने मिलकर किया ऑपरेशन: हरियाणा STF ने इस कार्रवाई को एनसीबी-सीबीआई, विदेश मंत्रालय (MEA), UAE की कानून प्रवर्तन एजेंसियों और अन्य केंद्रीय व अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से अंजाम दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को सुरक्षित भारत लाया गया।
विदेश में छिपे गैंगस्टरों पर इनाम का प्रस्ताव: STF हरियाणा ने पुलिस महानिदेशक को प्रस्ताव भेजा है कि विदेश में छिपे चार कुख्यात गैंगस्टरों हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित पर 10-10 हजार अमेरिकी डॉलर का इनाम घोषित किया जाए। पुलिस का कहना है कि इनाम घोषित होने से इन अपराधियों के बारे में विश्वसनीय जानकारी मिलने और उनकी गिरफ्तारी या डिपोर्टेशन की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।




