Bilkul Sateek News
नूंह, 21 जनवरी। साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए नूंह जिला पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा फिरोजपुर झिरका नूंह की टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को निरीक्षक सुभाष प्रभारी अपराध शाखा फिरोजपुर झिरका के नेतृत्व में गठित टीम बड़कली चौक क्षेत्र में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। उसी समय सूचना मिली कि साबिर अली पुत्र मुबीन अहमद निवासी गांव पूठली थाना नगीना जिला नूंह अपनी असल पहचान छुपाकर फर्जी सिम व फ्रॉड मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन पालतू कुत्तों के बच्चे (पपी) बेचने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जलालपुर रोड पर गांव मांडीखेड़ा के पास दबिश दी और आरोपी को शक के आधार पर काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन व कई मोबाइल सिम कार्ड, फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट, व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट और फेसबुक पेज बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न नामों से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों को पपी बेचने का लालच देता था और ऑनलाइन भुगतान लेकर संपर्क तोड़ देता था। मोबाइल नंबरों की जांच साइबर पोर्टल पर करने पर उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली के पीड़ितों की कई ऑनलाइन शिकायतें दर्ज पाई गईं, जिनमें हजारों रुपये की ठगी की पुष्टि हुई। पुलिस ने बरामद सभी मोबाइल, सिम कार्ड आदि को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नूंह पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन खरीद-फरोख्त करते समय सतर्क रहें, अनजान लोगों को अग्रिम भुगतान न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं।



