
Bilkul Sateek News
झज्जर (विनीत नरूला), 31 दिसंबर। खातीवास के संस्कारम स्कूल के कक्षा नौवीं से बारहवीं के छात्रों ने सोमवार को सोनीपत के राई स्थित स्पोर्ट यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में आयोजित छह दिवसीय 51वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति अपनी प्रतिभा निखारने और विज्ञान के बारे में जानने का मौका मिला।
सोनीपत के राई स्थित स्पोर्ट यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में 51वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2024 का आयोजन किया गया है। छात्रों ने प्रदर्शनी में पहुंचकर विभिन्न मॉडलों में गहरी रुचि दिखाई। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न मॉडलों का अवलोकन कर उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने व्यावहारिक तरीकों से जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को उत्साहपूर्वक समझा।
बता दें कि इस प्रदर्शनी में 28 राज्यों के 400 युवा वैज्ञानिकों ने अपने अभिनव मॉडल प्रदर्शित किए। इस प्रदर्शनी ने वैज्ञानिक अन्वेषण का एक जीवंत माहौल बनाया, जिसमें आकर्षक विज्ञान वार्ता और व्यावहारिक प्रदर्शन सहित कई गतिविधियां शामिल थीं। छात्रों ने पांच प्रमुख विषयों – स्वास्थ्य, जीवन (पर्यावरण के लिए जीवन शैली), कृषि, संचार और परिवहन और कंप्यूटेशनल सोच, साथ ही विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों में फैली विशेष परियोजनाओं में नई अंतर्दृष्टि प्राप्त की। संस्कारम ग्रुप ऑफ स्कूल के चेयरमैन डॉ. महिपाल ने विद्यार्थियों को विज्ञान की महत्ता समझते हुए कहा कि बाल वैज्ञानिक ही देश की कुंजी हैं तथा देश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होने वाली है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करती है।