Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में दो सड़कें वन-वे, उल्टी दिशा में गाड़ी चलाने पर होगा चालान
गुरुग्राम: शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दो प्रमुख सड़क मार्गों पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इन मार्गों पर अब वाहन चालकों को तय दिशा में ही चलना होगा। अगर कोई चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए उल्टी दिशा में वाहन चलाता पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर यातायात नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
इन दो मार्गों पर लागू है वन-वे व्यवस्था
1. हुड्डा सिटी सेंटर से Z चौक मार्ग
हुड्डा सिटी सेंटर के सामने स्थित Z चौक से 42/27 चौक की ओर जाने वाले वाहनों को ही इस मार्ग पर आने-जाने की अनुमति है। 42/27 चौक से Z चौक की ओर जाना प्रतिबंधित है। वाहन चालकों को इस दिशा में जाने से बचना होगा।
2. MLA फ्लैट रेड लाइट से गलेरिया मार्केट मार्ग
MLA फ्लैट रेड लाइट से गलेरिया मार्केट होते हुए गलेरिया मार्केट टी-पॉइंट की ओर जाने वाले वाहनों को ही इस मार्ग पर चलने की अनुमति है। वहीं, गलेरिया मार्केट टी-पॉइंट से MLA फ्लैट रेड लाइट की ओर वाहन ले जाना प्रतिबंधित है।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई: गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि वन-वे मार्गों पर विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर लगे ट्रैफिक संकेतों और निर्धारित दिशा का ध्यान रखें। नियमों का पालन करने से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि सड़क हादसों का खतरा भी घटेगा।




