Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 1 फरवरी। गुरुग्राम पुलिस ने 27 जनवरी को टाइम्स ऑफ वाइन नामक शराब के ठेके में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और नकली पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीसरे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस थाना बजघेड़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त 1 और आरोपी को कल दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गर्वित (उम्र-24 वर्ष, शिक्षा-स्नातक) निवासी अहीर मोहल्ला नांगलोई दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में गर्वित ने बताया कि वह दिल्ली में किसी निजी कंपनी में जॉब करता है। वह अपने साथी हर्ष व अक्षित के साथ दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में अपने एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में शराब कम पड़ने के कारण वे शराब खरीदने के लिए यहां ठेके पर आए थे। शराब पर डिस्काउंट को लेकर ठेके के कर्मचारियों से कहासुनी होने पर उन्होंने मारपीट व धमकी देने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस द्वारा इस मामले में अब तक हर्ष, अक्षित व गर्वित समेत कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इनके पास से वारदात में प्रयोग की गई 1 कार तथा 1 पिस्टलनुमा लाइटर भी बरामद की गई है। मामले की जांच जारी है।



