गुरुग्राम में यूपी पुलिस के सिपाही की हार्ट अटैक से मौत, 30 साल के राहुल ने तोड़ा दम
गुरुग्राम: 27 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम के साथ गुरुग्राम से गुजर रहे 30 वर्षीय सिपाही राहुल की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सिपाही की मौत हार्ट अटैक (हृदयाघात) के कारण हुई है। राहुल उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के रहने वाले थे और एक मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम के साथ जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम एक मामले की जांच के सिलसिले में गुरुग्राम से गुजर रही थी। इसी दौरान खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास टीम में शामिल सिपाही राहुल (30) की अचानक तबीयत खराब हो गई। राहुल खेड़ा धौलपुर, जिला इटावा (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे।
सिपाही की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत उपचार के लिए खेड़की दौला क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के बाद जब उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ तो पुलिस टीम आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हो गई।
लेकिन कुछ ही देर बाद राहुल की तबीयत फिर अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। उनकी हालत को देखते हुए पुलिस टीम उन्हें तत्काल गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी में सिपाही राहुल की मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस की ओर से नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई गई और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
30 साल के राहुल की अचानक हुई मौत से उनके परिवार और साथी पुलिसकर्मियों में शोक का माहौल है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




