‘RATHI’ लिखी कार को रोकते ही पुलिस से बचकर भागे सवार, ट्रैफिक पुलिस ने कार की इंपाउंड
गुरुग्राम, 27 नवंबर। गुरुग्राम में ‘RATHI’ लिखी कार को रोकना ट्रैफिक पुलिस के लिए उस समय चुनौती बन गया, जब पुलिस के पूछताछ के लिए बाहर आने का निर्देश देने पर कार सवार मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने और मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस उपायुक्त यातायात ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद स्पेशल टास्क यूनिट (STU) की टीम ने कार को पकड़कर इंपाउंड कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम यातायात पुलिस की टीम नियमित चेकिंग और निगरानी के दौरान ‘RATHI’ लिखा हुआ एक वाहन रुकवाया था। पुलिसकर्मियों ने कार चालक और उसमें बैठे अन्य लोगों को पूछताछ के लिए गाड़ी से बाहर आने को कहा। लेकिन कार सवार पुलिस के निर्देशों का पालन करने के बजाय वहां से फरार हो गए।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। वीडियो और पूरे मामले की जानकारी पुलिस उपायुक्त यातायात तक पहुंचने के बाद उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित कार को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस का उद्देश्य ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई करना और यह स्पष्ट संदेश देना था कि पुलिस की चेकिंग से बचकर भागने की कोशिश को हल्के में नहीं लिया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर मामले की जिम्मेदारी स्पेशल टास्क यूनिट (STU) को सौंपी गई। इसके बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस की STU टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संबंधित कार को पकड़ लिया। कार को नियमानुसार इंपाउंड कर पुलिस थाना भोंडसी में खड़ा कराया गया है।
बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर भी होगी कार्रवाई
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने साफ किया है कि बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) या बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। ऐसे वाहनों पर पुलिस की विशेष नजर है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि चेकिंग के दौरान पुलिस के निर्देशों की अनदेखी कर मौके से भागने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




