Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 फरवरी। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया इंटर सर्किल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को क्रिकेट इतिहास का ऐसा अध्याय जुड़ गया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। एसबीआई मुंबई मेट्रो सर्किल के ओपनिंग बल्लेबाज प्रग्नेश कानपिल्लेवार ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 82 गेंदों पर नाबाद 332 रन ठोक दिए। यह पारी न केवल टूर्नामेंट, बल्कि टी-20 क्रिकेट के इतिहास में भी एक नया विश्व रिकॉर्ड बन गई।
कानपिल्लेवार की इस तूफानी पारी में 15 चौके और 43 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 400 से अधिक रहा। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर एसबीआई मुंबई मेट्रो सर्किल ने निर्धारित 20 ओवर में 390/3 रन बनाए, जो टी-20 क्रिकेट का अब तक का सर्वोच्च टीम स्कोर है। जवाब में एसबीआई पटना सर्किल की टीम 191/5 रन ही बना सकी और मुंबई मेट्रो ने यह मुकाबला 199 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया।
मैच की शुरुआत से ही कानपिल्लेवार पूरी तरह हावी नजर आए। उन्होंने दूसरे ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए। इसके बाद 8वें ओवर में 26 रन, 11वें ओवर में 32 रन और 15वें ओवर में 33 रन बनाकर उन्होंने अपनी पारी को ऐतिहासिक ऊंचाई तक पहुंचाया। दर्शकों और खिलाड़ियों ने उनकी इस पारी को ‘एसबीआई का युवराज सिंह’ करार दिया।
प्रग्नेश बताते हैं कि उनका पहला बड़ा अनुभव 11 साल की उम्र में मुंबई के क्रॉस मैदान पर मिला, जब उन्होंने अंडर-14 चयन मैच खेला। सीनियर खिलाड़ियों के साथ खेलना उनके लिए सीखने का मौका था। आगे चलकर वर्ष 2019 में उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली। इंग्लैंड दौरे पर पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलते समय देश के लिए खेलने का एहसास आज भी उनके लिए खास है।
प्रग्नेश विराट कोहली और ऋषभ पंत को अपना आदर्श मानते है। साथ ही, उनका मानना है कि अंडर-19 क्रिकेट ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया और यही अनुभव आज बड़े स्कोर खेलने में काम आ रहा है।
अन्य मुकाबलों में भी दिखा दमखम
दिन के अन्य मैचों में अमरावती और गुवाहाटी के बीच खेले गए मुकाबले में गुवाहाटी ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। अमरावती ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 156/6 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुवाहाटी ने 19.1 ओवर में 158/5 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। गुवाहाटी के गुनजन दत्ता (51 रन) को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि अमरावती के रत्ना सेकर ने 88 रनों की शानदार पारी खेली।
लखनऊ और भुवनेश्वर के बीच हुए मैच में भुवनेश्वर ने 172/6 रन बनाए, जिसे लखनऊ ने 19.2 ओवर में 175/5 रन बनाकर हासिल कर लिया। शुब्हम सक्सेना ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
जयपुर और बेंगलुरु के बीच खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। जयपुर ने 20 ओवर में 140/5 रन बनाए थे। जवाब में बेंगलुरु ने 14.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। चेतन विलियम्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
महाराष्ट्र और कोलकाता के बीच मुकाबले में महाराष्ट्र ने 5 रन से जीत दर्ज की। महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161/6 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 156/5 रन ही बना सकी। राजत कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।



