गुरुग्राम, 16 फरवरी 2026 ।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार निगम के विभिन्न सर्कलों में सर्कल-वार ऑपरेशनल रिव्यू कमेटी (ओआरसी) बैठकों का आयोजन किया जाएगा। ये बैठकें प्रबंध निदेशक की अध्यक्षता में संबंधित सर्कल मुख्यालयों पर आयोजित होंगी।

निगम प्रबंधन ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, कार्यकारी अभियंताओं एवं उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ओआरसी बैठकों से संबंधित सभी आवश्यक सूचनाएं एवं अद्यतन आंकड़े पूर्ण तैयारी के साथ प्रस्तुत करें तथा प्रबंधन द्वारा समय-समय पर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित करें।
निगम प्रवक्ता ने बताया कि ओआरसी बैठकों के प्रमुख एजेंडा बिंदुओं में लंबित ओआरसी बिंदुओं की समीक्षा, पीएम-एसजीएमबी योजना की प्रगति, सड़कों के मध्य स्थित विद्युत खंभों का स्थानांतरण, ट्यूबवेल कनेक्शनों की स्थिति, खतरनाक विद्युत लाइनों का शिफ्टिंग कार्य, ‘मेरा गांव जगमग गांव’ योजना की प्रगति, बिलिंग दक्षता, लंबित सोलर बिलिंग की समीक्षा तथा अन्य आवश्यक विषय शामिल रहेंगे।
प्रबंधन ने विशेष रूप से मॉनिटरिंग विंग के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यकारी अभियंता को निर्देशित किया है कि वे बैठक से पूर्व आवश्यक आंकड़ों का संकलन, उनका विश्लेषण तथा विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर निगम प्रबंधन के समक्ष प्रस्तुत करें।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक ऑपरेशन उपमंडल अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे बैठक के दौरान चर्चा हेतु अपने-अपने क्षेत्र के शीर्ष 20 जुड़े हुए तथा विच्छेदित डिफॉल्टर उपभोक्ताओं की अद्यतन स्थिति साथ लेकर उपस्थित हों।
निगम प्रबंधन ने सभी अधिकारियों से लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वित, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।



