जन चेतना दिवस की तैयारियों में जुटी जेजेपी, हरियाणा भर में दौरे पर दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़, 16 फरवरी। हरियाणा की सियासत में मार्च का महीना हलचल भरा रहने वाला है। 13 मार्च को जननायक जनता पार्टी द्वारा हांसी में आयोजित किए जाने वाले प्रदेश स्तरीय ‘सर्व हरियाणा जन चेतना दिवस’ कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह कार्यक्रम जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। पार्टी इसे शक्ति प्रदर्शन और संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देख रही है।

इसी क्रम में जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने प्रदेशव्यापी दौरे की शुरुआत कर दी है। सोमवार को वे हिसार, हांसी और दादरी जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। विभिन्न बैठकों और संवाद कार्यक्रमों में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर और युवा वर्ग प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया है और आम जनता की आवाज को दबाने का काम किया है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 13 मार्च को हांसी में होने वाला जन चेतना दिवस कार्यक्रम केवल एक जन्मदिन समारोह नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं और आम जनता की भावनाओं का मंच होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। उनके अनुसार, बड़ी संख्या में युवा एकत्र होकर वर्तमान हालातों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
दौरे के दौरान दिग्विजय ने जिला व हलका स्तर के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिम्मेदारियां तय करते हुए प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए। पार्टी का लक्ष्य है कि जन चेतना दिवस को प्रदेश स्तरीय महाआयोजन के रूप में स्थापित किया जाए।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, दिग्विजय चौटाला 17 फरवरी को भिवानी और बवानीखेड़ा, 18 फरवरी को जींद और महम, 19 फरवरी को तोशाम में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इसके बाद 20 फरवरी को अंबाला में युवा योद्धा कार्यक्रम आयोजित होगा। 22 फरवरी को यमुनानगर में युवा योद्धा कार्यक्रम और कुरुक्षेत्र में कार्यकर्ता बैठक निर्धारित है।
23 फरवरी को दादरी में युवा योद्धा सम्मेलन और बवानीखेड़ा हलके का दौरा, 24 फरवरी को नारनौंद, 25 फरवरी को आदमपुर, 26 फरवरी को उकलाना, 27 फरवरी को नलवा और 28 फरवरी को बवानीखेड़ा हलके में कार्यक्रम होंगे। 1 मार्च को गुरुग्राम में युवा योद्धा सम्मेलन के बाद हांसी और नारनौंद का दौरा किया जाएगा। 2 मार्च को फतेहाबाद में कार्यकर्ता बैठक रखी गई है। इसके बाद 5 मार्च को बरवाला, 6 व 8 मार्च को नारनौंद, 7 व 10 मार्च को उकलाना, 9 मार्च को नलवा और 11 मार्च को हांसी हलके का दौरा प्रस्तावित है।
जेजेपी नेतृत्व का दावा है कि जन चेतना दिवस कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति में नई ऊर्जा का संचार करेगा और युवाओं की भागीदारी से संगठन को नई दिशा मिलेगी। अब निगाहें 13 मार्च को हांसी में होने वाले इस बड़े राजनीतिक आयोजन पर टिकी हैं।



