Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: शहर के एक इलाके में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने दूसरे परिवार की महिला और उनकी बुजुर्ग सास के साथ मारपीट कर दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

सीसीटीवी में दिखी मारपीट की घटना
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आरोपी व्यक्ति ने महिला को थप्पड़ मारे और बीच-बचाव करने आई उनकी बुजुर्ग सास को भी नहीं बख्शा। फुटेज में दोनों महिलाएं दर्द से पीछे हटती और खुद को बचाने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। आसपास मौजूद लोग घटना को देखते रहे, लेकिन किसी ने तुरंत हस्तक्षेप नहीं किया।
पीड़ित परिवार का आरोप: दबंगई दिखाता है आरोपी
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी व्यक्ति इलाके में अक्सर दबंगई करता है और लोग उससे डरते हैं। उनका आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने पुलिस चौकी में बुलाकर समझौते के लिए दबाव बनाने की कोशिश भी की।
बच्चों के खेल से शुरू हुआ विवाद
शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक, उनके बच्चे और पड़ोसी के बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर बच्चों में बहस हो गई। जब वह अपने बच्चों को लेने पहुंचीं, तभी पड़ोसी और उसकी पत्नी ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी सास को भी थप्पड़ मार दिए गए, जिससे दोनों को चोट आई।
डीसीपी वेस्ट को दी गई शिकायत
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई है। डीसीपी वेस्ट कार्यालय में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। परिवार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस ने जांच की बात कही। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




