Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 16 मार्च।
महिलाओं में होने वाले खतरनाक रोग Cervical Cancer से बचाव के लिए गुरुग्राम जिले में इन दिनों HVP टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 14 वर्ष की किशोरियों को वैक्सीन लगाई जा रही है ताकि आगे चलकर उन्हें इस बीमारी का खतरा कम हो सके। जिला उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री Narendra Modi की पहल पर देशभर में चलाए जा रहे कार्यक्रम का हिस्सा है। गुरुग्राम में स्वास्थ्य विभाग इसे सक्रिय रूप से लागू कर रहा है और अधिक से अधिक किशोरियों तक टीका पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है। यह बीमारी मुख्य रूप से HVP वायरस के कारण होती है। खास तौर पर इसके 16 और 18 प्रकार ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं। सरकार की ओर से जो वैक्सीन दी जा रही है, वह 6, 11, 16 और 18 प्रकार के वायरस से सुरक्षा देती है। अधिकारियों ने बताया कि यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक और निशुल्क है। फिलहाल इस अभियान में 14 वर्ष की किशोरियों को मुख्य रूप से शामिल किया गया है।
जिले के डिप्टी सीएमओ और अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. जयप्रकाश राजलीवाल ने बताया कि शुरुआत में टीकाकरण जिला नागरिक अस्पताल और उपमंडल अस्पतालों में किया जा रहा है। इसके अलावा स्कूलों के माध्यम से भी छात्राओं को स्वास्थ्य केंद्रों तक लाकर टीका लगवाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर विशेष टीकाकरण कैंप भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया और लाभार्थियों का रिकॉर्ड यू-विन पोर्टल के जरिए रखा जा रहा है, ताकि व्यवस्था पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सक्रिय हैं।
डॉ. जयप्रकाश ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को तय तिथि और स्थान पर टीकाकरण के लिए जरूर भेजें। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि बच्चियों को टीका लगवाने से पहले खाना जरूर खिलाकर लाएं, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है और इससे भविष्य में होने वाले गंभीर संक्रमणों से बचाव संभव है।




