Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, मार्च 2026।
Safe in India Foundation (SII) द्वारा ‘श्रमिक सम्मेलन 2026’ के तहत पहला सम्मेलन ICAT Centre-II, सेक्टर-11, IMT मानेसर, गुरुग्राम में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में ऑटो सेक्टर सप्लाई चेन से जुड़े 300 से अधिक श्रमिकों ने भाग लिया, जिनमें बड़ी संख्या ऐसे श्रमिकों की थी जो कार्यस्थल पर घायल हो चुके हैं। कार्यक्रम में ESIC के प्रतिनिधि—सुनील यादव (SRO, गुरुग्राम) और सीमा कपूर सहित अन्य हितधारक भी मौजूद रहे। संस्था के अनुसार, इस श्रृंखला के अगले सम्मेलन 22 मार्च को फरीदाबाद और 26 मार्च को पुणे में आयोजित किए जाएंगे।

‘श्रमिक सुरक्षा रिपोर्ट’ जारी, जमीनी हकीकत सामने
इस सम्मेलन के दौरान ‘श्रमिक सुरक्षा रिपोर्ट’ का औपचारिक विमोचन किया गया। यह रिपोर्ट ESIC तक पहुंच, फैक्टरी दस्तावेज़, मशीन सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था से जुड़ी जमीनी चुनौतियों को उजागर करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऑटोमोबाइल सप्लाई चेन में काम कर रहे श्रमिक आज भी असुरक्षित मशीनों, अधूरे दस्तावेज़ों और सामाजिक सुरक्षा की सीमित पहुंच के बीच काम करने को मजबूर हैं।

रिपोर्ट की 10 बड़ी बातें
ESIC में देरी: हर 100 में से 65 श्रमिकों को ESIC कार्ड दुर्घटना के बाद मिला
परिवार कवर नहीं: 56% श्रमिकों के परिवार ESIC से जुड़े नहीं
दुर्घटना रिपोर्ट गायब: 23% मामलों में रिपोर्ट दर्ज ही नहीं
नियुक्ति पत्र नहीं: 97% श्रमिकों को अपॉइंटमेंट लेटर नहीं मिला
सैलरी स्लिप का अभाव: 75% को वेतन पर्ची नहीं दी जाती
पावर प्रेस मशीनें खतरनाक: 97% मामलों में कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं
खराब मशीन पर काम जारी: शिकायत के बावजूद 91% श्रमिक उसी मशीन पर काम करते रहे
दुर्घटनाएं रोकी जा सकती थीं: ज्यादातर हादसे पहले से मौजूद जोखिमों का परिणाम
बड़ी कंपनियों से कनेक्शन: 65% श्रमिक सप्लायर यूनिट्स में काम करते थे, जिनका संबंध प्रमुख ऑटो कंपनियों से
शिकायत सिस्टम जटिल: श्रमिकों को कई प्लेटफॉर्म के बावजूद समाधान नहीं मिलता
श्रमिकों ने रखीं अपनी समस्याएं
सम्मेलन में श्रमिकों ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं। उन्होंने कार्यस्थल सुरक्षा, ESIC तक पहुंच, दस्तावेज़ों की कमी और शिकायत निवारण की जटिल प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई। इस दौरान ESIC अधिकारियों और अन्य हितधारकों के साथ सीधा संवाद भी हुआ, जहां श्रमिकों ने अपने अनुभव और सवाल सामने रखे।
वीडियो सीरीज भी लॉन्च
कार्यक्रम में “ESIC की सीधी बात” नाम से एक नई वीडियो सीरीज भी लॉन्च की गई। इसका उद्देश्य श्रमिकों तक ESIC से जुड़ी जानकारी को आसान भाषा में पहुंचाना है। यह सीरीज SII के Shramikpur यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
आगे क्या?
गुरुग्राम में हुआ यह सम्मेलन इस श्रृंखला की शुरुआत है। आने वाले फरीदाबाद और पुणे सम्मेलनों के जरिए और अधिक श्रमिकों की आवाज़ को सामने लाने की कोशिश की जाएगी।




